असम चुनाव में आईएसआई एक विशेष उम्मीदवार को चाहती है जिताना
सीएम सरमा का आरोप कहा- 2000 फेसबुक अकाउंट पड़ोसी देश से हो रहे ऑपरेट
गुवाहाटी। दुनिया भर में चुनाव को प्रभावित करने की बात सामने आती है। दुश्मन देश कोशिश करते हैं कि दूसरे देश के चुनाव को प्रभावित किया जाए। अब एक राज्य के सीएम ने पाकिस्तान और बांग्लादेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पाकिस्तान से भारत के तल्ख रिश्ते जग जाहिर हैं। बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार की तख्तापलट के बाद वहां भी भारत के खिलाफ आवाजें उठने लगी हैं।
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस की भारत विरोधी नीतियों से ढाका और नई दिल्ली के संबंध भी अब पहले जैसे नहीं रहे। ऐसे में देश के एक सीएम की ओर से बांग्लादेश और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा फेसबुक अकाउंट ऑपरेट करने और विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने की बात करना काफी गंभीर और अहम मसला है।
दरअसल, असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राज्य की राजनीति में विदेशी हस्तक्षेप को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने खुलासा किया कि फेसबुक पर असम चुनाव को लेकर टिप्पणी करने वाले करीब 2000 अकाउंट्स में से कम से कम आधे पाकिस्तान और बांग्लादेश से ऑपरेट हो रहे हैं। इन अकाउंट्स की जांच की जिम्मेदारी राज्य की विशेष शाखा को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई एक विशेष उम्मीदवार को जिताना चाहती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स की संख्या और वृद्धि हो सकती है। सीएम सरमा ने कहा कि आईएसआई चाहता है कि एक खास उम्मीदवार जीते। यह सब मेरे संज्ञान में है और सितंबर तक असम की राजनीति में कई नए खुलासे होंगे। सरमा ने दावा किया कि कोलकाता में एक कॉल सेंटर के जरिए से 2000 फेसबुक अकाउंट्स को एक ही दिन में सक्रिय किया गया है, जिनका संबंध एक विशेष समुदाय से है।
सीएम ने कहा कि अगर इन अकाउंट्स की टिप्पणियों को देखा जाए तो यह हमारे लोगों की भाषा नहीं लगती। यह सब व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने हाल ही में कई बांग्लादेशी नागरिकों को राज्य से बाहर किए जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हमने कुछ बांग्लादेशियों को राज्य से बाहर निकाला, क्योंकि हम असम के लोगों के दिल को समझते हैं।
राजनीतिक विवाद के केंद्र में कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई भी आ गए हैं। सरमा ने गोगोई की पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पाकिस्तान की सेना से अच्छे संबंध हैं और उन्होंने 19 बार भारत और पाकिस्तान के बीच यात्रा की है। सीएम सरमा का दावा है कि पाकिस्तान में उनकी यात्राओं के दौरान पाकिस्तानी सेना के अधिकारी भी उनके साथ थे। साथ ही सरमा ने कांग्रेस की जनसभाओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि गोगोई के असम कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद भी उनकी सभाओं में भीड़ नहीं जुट रही है।
उन्होंने कहा कि रुपोही में 5000 लोग भी नहीं आए और जागीरोड में सिर्फ 1000 लोग जुटे। यहां तक कि लाहरीघाट में 5 लाख मुस्लिम अल्पसंख्यक हैं, लेकिन वे भी कांग्रेस के साथ नहीं हैं। बता दें राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और सीएम सरमा के इन आरोपों से चुनावी माहौल में गरमाहट पैदा कर दी है।

डिजिटल इंडिया को नई रफ्तार: पीएम मोदी आज भारत मंडपम में एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का शुभारंभ करेंगे
पेट्रोल-डीजल के नए रेट जारी: हफ्ते के पहले दिन क्या आपको मिली राहत? टंकी फुल कराने से पहले चेक करें अपने शहर का भाव
गहने बनवाने का सबसे सही समय! सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट, चेक करें अपने शहर के ताजा रेट