रेकी कर बंद मकानों को बनाते थे निशाना, तीन शातिर चोर दबोचे
रामनगरिया। जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में लगातार हो रही नकबजनी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। राजस्थान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से चोरी किया गया पूरा माल भी बरामद कर लिया गया है।
23 मार्च को हुई थी चोरी की वारदात
डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया कि 23 मार्च को क्षेत्र में एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों के हुलिए के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में पिन्टू जाटव (24) निवासी भरतपुर, विशाल बैरवा (20) निवासी जयपुर और राहुल कुमार (28) निवासी बूंदी शामिल हैं। इनमें से दो आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
चोरी का पूरा सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया है। इसमें सोने जैसे धातु के आभूषण जैसे अंगूठी, झुमके, मांगटीका, बाली, लॉकेट और ओम पेंडेंट शामिल हैं। इसके अलावा चांदी के गहनों में पायजेब, बिछिया, सिक्के और लक्ष्मी, पार्वती व गणेश जी की मूर्तियां तथा बच्चों के कड़े भी बरामद हुए हैं।
मौज-मस्ती के लिए करते थे चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मौज-मस्ती और लक्जरी जीवन जीने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। वे दिन में कॉलोनियों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते और रात में उन्हीं मकानों को निशाना बनाते थे। हैरानी की बात यह सामने आई कि एक आरोपी जेल से छूटने के मात्र 10 दिन बाद ही दोबारा अपराध में शामिल हो गया। थानाधिकारी चंद्रभान के अनुसार, आरोपियों ने चोरी किए गए जेवर मुथुट फाइनेंस में गिरवी रखकर 1 लाख 7 हजार रुपये का लोन भी लिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

राशिफल 15 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित
खरीफ पूर्व तैयारी : राजनांदगांव में खाद वितरण तेज, वैकल्पिक उर्वरकों की ओर बढ़ा किसानों का रुझान
सहकारिता मंत्री सारंग ने चांदबड़ में किया "संपर्क अभियान 2026" का शुभारंभ
राज्यमंत्री गौर शुक्रवार को करेंगी ‘शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना’ का शुभारंभ, मप्र पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. कुसमरिया भी होंगे शामिल