झारखंड की 4 सीटों पर वोटिंग जारी
रांची। छठे चरण में लोकसभा चुनाव के तहत झारखंड की चार सीट रांची, धनबाद, जमशेदपुर और गिरिडीह संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में वोटिंग जारी है। रांची के जेवीएम श्यामली स्थित बूथ पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपने मताधिकार किया। इससे पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
झारखंड में सुबह 11 बजे तक 27.80 प्रतिशत वोटिंग
झारखंड में चार सीटों पर सुबह 11 बजे तक 27.80 प्रतिशत मतदान हुआ। रांची संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में 11 बजे तक 28.06 प्रतिशत, धनबाद में 26.06 प्रतिशत, जमशेदपुर में 28.45 प्रतिशत तथा गिरिडीह में 29 प्रतिशत मतदान हुआ।
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने परिवार संग डाला वोट
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने पत्नी और बेटे के साथ मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र का यह महापर्व है और मतदान प्रतिशत को बढ़ाने मे सहयोग करे। राष्ट्र निर्माण मे सहयोग करें और अहम भूमिका निभाएं। शहर के मतदाता घर से बाहर निकलें और मतदान करें। मैं भविष्य वक्ता नहीं, लेकिन आशावादी हूं। हमने रोजगार, महिला और युवाओं के विकास के अच्छा मेनिफेस्टो बनाया है।
सुबह नौ बजे तक 11.74 प्रतिशत मतदान
झारखंड में चार सीटों पर सुबह नौ बजे तक 11.74 प्रतिशत मतदान हुआ। रांची में 12.19 प्रतिशत, धनबाद में 11.75 प्रतिशत, जमशेदपुर में 10.05 प्रतिशत तथा गिरिडीह में 12.91 प्रतिशत मतदान सुबह नौ बजे तक हुआ है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में काफी संख्या में लोग मतदान के लिए बूथ तक पहुंच रहे हैं। सुबह 9:00 बजे तक रांची संसदीय क्षेत्र के हटिया विधानसभा क्षेत्र में 13 प्रतिशत, इचागढ़ में 15.34 प्रतिशत, कांके में 11 प्रतिशत, खिजरी में 11.76 प्रतिशत, रांची में 10.45 प्रतिशत तथा सिल्ली में 12.30 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसी तरह धनबाद संसदीय क्षेत्र के बोकारो विधानसभा क्षेत्र में 10.75 प्रतिशत, चंदनक्यारी में 11.95, धनबाद में 10.80, झरिया में 11.63, निरसा में 13.38 तथा सिंदरी में 13.03 प्रतिशत मतदान हुआ है।
जमशेदपुर और गिरिडीह वोटिंग प्रतिशत
जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के बहरागोड़ा एल विधानसभा क्षेत्र में सुबह नौ बजे तक 10.90 प्रतिशत, घाटशिला में 11.08 प्रतिशत, जमशेदपुर पूर्वी में 9.59 प्रतिशत, जमशेदपुर पश्चिम में 10.50, जुगसलाई में 9.12 प्रतिशत तथा पोटका में 9.50 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं, गिरिडीह संसदीय क्षेत्र के बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में सुबह नौ बजे तक 12.31 प्रतिशत, बेरमो में 12.02 प्रतिशत, डुमरी में 13.48 प्रतिशत, गिरिडीह में 13.47 प्रतिशत, गोमिया में 12.84 तथा टुंडी में 13.36 प्रतिशत मतदान हुआ है।
रघुवर दास, राज्यपाल राधाकृष्णन ने डाला वोट
रघुवर दास ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी, बेटा और बहू मौजूद रहीं।झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने श्री कृष्ण लोक प्रशासन संस्थान स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया।मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। पांच बजे जो भी कतार में होंगे, उन्हें मतदान करने दिया जाएगा।
चारों संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में 8963 बूथ
इन चारों संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 8,963 बूथों पर मतदान जारी है। इनमें 3,361 मतदान शहरी तथा 5,602 मतदान केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। ये सभी मतदान केंद्र 5,004 जगहों पर बनाए गए हैं। इस चरण में कुल 82,16,506 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे, जिनमें 40,09,290 महिलाएं हैं। कुल 290 थर्ड जेंडर भी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पहली बार एक थर्ड जेंडर सुनैना किन्नर धनबाद संसदीय सीट से चुनाव भी लड़ रही हैं।

पाक पीएम शहबाज ने तारिक रहमान को दी जीत की बधाई, भाई कहकर किया संबोधित
सोने-चांदी की कीमतों में आया बड़ा बदलाव, खरीदने से पहले जान लें आज का सटीक भाव
Mahashivratri Special: लंबी यात्रा पर निकलने से पहले राहत की खबर, इन राज्यों में स्थिर रहे पेट्रोल-डीजल के दाम